ओवरटेक को लेकर पहले मारपीट, फिर बाइक से भिड़ंत; हादसे में चार घायल, एक की मौत
नवगछिया : एनएच-31 स्थित खरीक चौक से चोरहर जाने वाली ग्रामीण सड़क पर पश्चिमी रेलवे केबिन के समीप शुक्रवार को ओवरटेक करने को लेकर दो बाइक सवारों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बाइक सवारों के बीच बाइक से एक-दूसरे को टक्कर मारने की बात सामने आई। इसी दौरान हुए हादसे में दोनों बाइक पर सवार कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
Total Downloads: 275
घायलों में खरीक के बगड़ी निवासी शुभम कुमार (25), सौरभ कुमार (26), विश्वपुरिया निवासी सुदर्शन कुमार (26) समेत एक अन्य युवक शामिल है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। इनमें शुभम कुमार की शुक्रवार देर रात मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं हादसे में घायल तीन अन्य युवकों की हालत भी गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।
ओवरटेक को लेकर शुरू हुआ विवाद
ग्रामीणों के अनुसार, दोनों बाइक सवारों के बीच सड़क पर ओवरटेक करने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि पहले दोनों पक्षों के बीच जमकर गाली-गलौज हुई और इसके बाद मारपीट भी हुई। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के बाइक सवारों ने एक-दूसरे की बाइक में टक्कर मारनी शुरू कर दी।

इसी दौरान दोनों बाइक की जोरदार टक्कर हो गई और उन पर सवार चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मायागंज में इलाज के दौरान शुभम की मौत
हादसे के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल शुभम कुमार की स्थिति लगातार नाजुक बनी हुई थी। शुक्रवार देर रात मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
शुभम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे में घायल अन्य तीन युवकों की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।
आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई
घटना को लेकर पुलिस भी मामले की जानकारी जुटा रही है। प्रभारी थानाध्यक्ष सौरभ कुमार सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में अब तक थाने में कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि यदि मृतक या घायलों के परिजन की ओर से आवेदन नहीं दिया जाता है, तो पुलिस घायलों अथवा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई करेगी।
पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। ओवरटेक को लेकर विवाद कैसे बढ़ा और बाइक से टक्कर मारने की घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।
