भवानीपुर चोरीकांड में एक और आरोपी गिरफ्तार, अब तक चार की गिरफ्तारी
नवगछिया। नवगछिया पुलिस ने भवानीपुर थाना क्षेत्र के नगरपारा गांव में हुई चोरी की घटना के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नगरपारा गांव निवासी दिलवर कुमार, पिता तीरन सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 20 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया। इस मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। दिलवर की गिरफ्तारी के साथ अब तक गिरफ्तार आरोपियों की संख्या चार हो गई है।
नवगछिया पुलिस की ओर से 21 नवंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, नगरपारा गांव निवासी रामबहादुर सिंह ने 16 नवंबर को भवानीपुर थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि उनके घर से सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिए गए हैं।
शिकायत के आधार पर भवानीपुर थाने में कांड संख्या 276/26 दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने चोरी गए सामान की बरामदगी की और घटना में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।

इसके बाद पुलिस की टीम फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में 20 नवंबर को दिलवर कुमार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी जारी है।

