कटिहार-बरौनी रेलखंड पर हादसा, गंभीर हालत में मायागंज अस्पताल रेफर

कटिहार-बरौनी रेलखंड पर हादसा, गंभीर हालत में मायागंज अस्पताल रेफर; मनोभ्रंश से पीड़ित बताए गए घायल

नवगछिया/नारायणपुर: कटिहार-बरौनी रेलखंड पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में मालगाड़ी की चपेट में आने से एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना नारायणपुर रेलवे स्टेशन के पूर्वी केबिन के समीप चौहद्दी गांव के पास सुबह करीब 7 बजे हुई। स्थानीय लोगों की तत्परता और मानवता के कारण घायल बुजुर्ग को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उनकी जान बच सकी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिहपुर की ओर से खगड़िया की दिशा में जा रही एक मालगाड़ी गुजर रही थी। इसी दौरान एक बुजुर्ग रेलवे ट्रैक के बीच चल रहे थे। बताया जाता है कि वह मनोभ्रंश (डिमेंशिया) की बीमारी से पीड़ित हैं, जिसके कारण उन्हें ट्रेन के आने का एहसास नहीं हो सका और वह मालगाड़ी की चपेट में आ गए। हादसे के बाद वे गंभीर रूप से घायल होकर ट्रैक किनारे गिर पड़े।

इसी दौरान वहां से गुजर रहे स्थानीय निवासी एवं पूर्व प्रमुख ईशो यादव के पुत्र देवेंद्र कुमार यादव और उनके सहयोगी बबलू कुमार झा उर्फ बबलू बाबा ने बिना देर किए घायल को ट्रैक से सुरक्षित बाहर निकाला। दोनों ने अपनी निजी गाड़ी से उन्हें तत्काल नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज), भागलपुर रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। घायल की पहचान भवानीपुर थाना क्षेत्र के गनौल गांव निवासी करीब 65 वर्षीय पूरो ठाकुर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वह लंबे समय से मनोभ्रंश की बीमारी से पीड़ित हैं और कई बार घर से भटक जाते हैं।

इस घटना के बाद क्षेत्र में देवेंद्र कुमार यादव और बबलू कुमार झा द्वारा दिखाई गई तत्परता और मानवीय पहल की ग्रामीणों ने सराहना की है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *