नवगछिया। नवगछिया को पूर्ण प्रशासनिक जिला का दर्जा देने और नवगछिया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए बंद पड़े गेट को खुलवाने की मांग तेज हो गयी है। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद कुमार मंडल ने दोनों मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को अलग-अलग आवेदन सौंपकर आवश्यक पहल की मांग की है।
Total Downloads: 210
कुर्सेला, चौसा और परबत्ता की पंचायतों को जोड़ने का प्रस्ताव
मुख्यमंत्री को दिए आवेदन में विनोद कुमार मंडल ने कहा है कि नवगछिया पूर्ण प्रशासनिक जिला बनने के निर्धारित मापदंडों को पूरा करता है। उन्होंने कुर्सेला, चौसा और परबत्ता प्रखंड की कुछ पंचायतों को नवगछिया में शामिल कर इसे पूर्ण प्रशासनिक जिला बनाने का प्रस्ताव रखा है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान भौगोलिक परिस्थितियों के कारण क्षेत्र के लोगों को प्रशासनिक कार्यों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। इससे लोगों का समय और आर्थिक संसाधन दोनों खर्च होते हैं।

नवगछिया को पूर्ण जिला का दर्जा मिलने से नवगछिया के साथ आसपास के प्रखंडों के लोगों को भी प्रशासनिक कार्यों के निष्पादन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस दिशा में आवश्यक प्रक्रिया शुरू कराने और सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया है।
रेलवे स्टेशन का बंद गेट खोलने की मांग
विनोद कुमार मंडल ने दूसरे आवेदन में नवगछिया रेलवे स्टेशन के जीआरपी थाना के समीप प्लेटफॉर्म संख्या-1 की ओर जाने वाले बंद गेट को यात्रियों के लिए खोलने की मांग की है।
उनका कहना है कि स्टेशन के उत्तर तरफ जाने वाली सीढ़ी पर गेट लगाकर उसे बंद कर दिया गया है। इसके कारण यात्रियों को प्लेटफॉर्म तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है।
शहर की ओर से स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को वाहन उत्तर तरफ की पार्किंग में खड़ा करने के बाद प्लेटफॉर्म संख्या-1 तक पहुंचने के लिए दूसरे रास्ते का सहारा लेना पड़ता है।
संकरी सीढ़ियों के कारण बुजुर्ग यात्रियों को परेशानी
आवेदन में बताया गया है कि स्टेशन के फुट ओवरब्रिज (एफओबी) की सीढ़ियां काफी संकरी हैं। ऐसे में बुजुर्ग, बीमार और शारीरिक रूप से अस्वस्थ यात्रियों को सीढ़ियों के रास्ते प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में परेशानी होती है।
विनोद मंडल ने कहा कि बंद गेट खोल दिए जाने से यात्रियों को सीधे प्लेटफॉर्म तक पहुंचने का रास्ता मिल जाएगा। इससे उनका समय बचेगा और अनावश्यक परेशानी भी कम होगी।
रेलवे क्वार्टर और पीडब्ल्यूडी स्टोर तक भी आसान होगी आवाजाही
उन्होंने आवेदन में बताया कि गेट के उत्तर तरफ रेलवे के स्टाफ क्वार्टर और पीडब्ल्यूडी स्टोर भी स्थित हैं। गेट खुलने से इन स्थानों तक आने-जाने में भी सुविधा होगी।
आवेदन में दावा किया गया है कि उत्तर हिस्से में घेराबंदी होने के बावजूद गेट खोलने से किसी प्रकार का नुकसान नहीं होगा।
विनोद कुमार मंडल ने मुख्यमंत्री से दोनों मामलों में सकारात्मक हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि नवगछिया को पूर्ण प्रशासनिक जिला का दर्जा मिलने से क्षेत्र की प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी, जबकि रेलवे स्टेशन का बंद गेट खुलने से रोजाना यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
