नवगछिया में जमीन विवाद में 70 वर्षीय बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या, सिर में मारी गोली

नवगछिया। इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर चंडी स्थान में अपराधियों ने 70 वर्षीय फुलेश्वर मंडल उर्फ फूलों मंडल की गोली मारकर हत्या कर दी। वे बुधवार की देर रात अपने बासा पर सो रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने उनके सिर में गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। गुरुवार की सुबह परिजन उन्हें जगाने पहुंचे तो वे मृत अवस्था में मिले। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

📲 Download Naugachia News App

Total Downloads: 540

सूचना मिलने पर डीएसपी मुख्यालय और इस्माइलपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। जिला परिषद अध्यक्ष विपिन कुमार मंडल और मुखिया संजय मंडल भी घटनास्थल पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

जमीन विवाद में हत्या का आरोप

मृतक की पत्नी पतली देवी ने गांव के नागे मंडल पर जमीन विवाद में हत्या कराने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि नागे मंडल के साथ जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। परिवार के लोगों ने इस संबंध में शिकायत देने के लिए इस्माइलपुर थाना का रुख किया था, लेकिन उनका आवेदन स्वीकार नहीं किया गया और उन्हें थाने से वापस भेज दिया गया।

मृतक के बेटे मुन्ना कुमार ने बताया कि उन्होंने 16 नवंबर को नागे मंडल और अन्य लोगों के खिलाफ थाने में आवेदन दिया था। आवेदन में आरोपितों और उनके सहयोगियों से किसी अप्रिय घटना की आशंका जताते हुए परिवार की सुरक्षा की मांग की गई थी। मुन्ना कुमार का आरोप है कि पुलिस ने उनका आवेदन स्वीकार करने के बजाय उन्हें थाने से भगा दिया।

परिजनों का कहना है कि यदि उनकी शिकायत पर समय रहते कार्रवाई की गई होती तो शायद उनके पिता की जान बच सकती थी। हालांकि, पुलिस की ओर से आवेदन नहीं लेने और परिजनों को थाने से भगाने के आरोपों पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

पूर्णिया के बलिया के रहने वाले थे फूलों मंडल

फुलेश्वर मंडल उर्फ फूलों मंडल मूल रूप से पूर्णिया जिले के बलिया के रहने वाले थे। शादी के बाद से ही वे अपने ससुराल नारायणपुर चंडी स्थान में बस गए थे। यहीं रहकर खेती-बाड़ी करते थे। उनके परिवार में पत्नी पतली देवी और चार बेटे मुकेश, विकास, राज तथा मुन्ना हैं।

बुजुर्ग की हत्या के बाद पत्नी और बेटों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही घटना के कारणों और आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *