नवगछिया। परबत्ता थाना क्षेत्र के राघोपुर स्थित बाढ़ राहत शिविर की सामुदायिक रसोई में बुधवार को भोजन को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया और कुछ लोग कुर्सियां उठाकर एक-दूसरे से भिड़ गए। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
Total Downloads: 234
जानकारी के अनुसार, राजकीय मध्य विद्यालय राघोपुर में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राहत शिविर बनाया गया है। यहां संचालित सामुदायिक रसोई में वार्ड नंबर एक सहित आसपास के इलाकों की महिलाएं भोजन कर रही थीं। इसी दौरान गांव के कुछ युवक भी खाना खाने पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि मौजूद लोगों ने युवकों से महिलाओं के खाना खाने तक इंतजार करने को कहा। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और आरोप है कि युवकों ने रसोई में रखी कुर्सियां उठाकर मारपीट शुरू कर दी।

अचानक हुए हंगामे से राहत शिविर में अफरा-तफरी मच गई। कुछ देर के लिए सामुदायिक रसोई में भोजन वितरण भी प्रभावित हुआ। मौके पर मौजूद बुजुर्गों और प्रशासनिक कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत कराया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। बाढ़ की आपदा के बीच राहत शिविर में हुई इस तरह की घटना को लेकर लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुश्किल समय में सभी को संयम बरतना चाहिए, ताकि जरूरतमंदों के लिए भोजन और राहत व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे।
प्रशासनिक पुष्टि का इंतजार
घटना को लेकर पुलिस या प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मामले की जानकारी लेने के लिए खरीक सीओ से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।
फिलहाल पुलिस या प्रशासन की आधिकारिक पुष्टि के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
