नवगछिया। वर्षों से फार्मासिस्ट की कमी से जूझ रहे नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल को बड़ी राहत मिली है। बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत निदेशालय स्वास्थ्य सेवाएं द्वारा जारी प्रतिनियुक्ति सूची में कृष्ण कुमार भारद्वाज की प्रतिनियुक्ति नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में फार्मासिस्ट के पद पर की गई है। वे जल्द ही अस्पताल में अपना योगदान देंगे।
Total Downloads: 135
फार्मासिस्ट की नियुक्ति से अस्पताल की दवा वितरण व्यवस्था में सुधार आने की उम्मीद है। इसके साथ ही मरीजों को समय पर दवाएं उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और अस्पताल के दैनिक कार्यों के संचालन में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।
गौरतलब है कि लंबे समय से यह महत्वपूर्ण पद रिक्त रहने के कारण अस्पताल प्रशासन को दवा वितरण और अन्य आवश्यक कार्यों के संचालन में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। वहीं मरीजों को भी कई बार असुविधा झेलनी पड़ती थी।

अस्पताल में नए फार्मासिस्ट की तैनाती से स्थानीय लोगों और मरीजों ने राहत की उम्मीद जताई है। माना जा रहा है कि इससे अनुमंडलीय अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनेंगी।
