कटिहार से गिरफ्तार कर नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस से गोवा ले जाया जा रहा था आरोपी, काढ़ागोला-नवगछिया रेलखंड पर मिला शव
Total Downloads: 131
खरीक/नवगछिया : चोरी के एक आरोपी की नवगछिया रेलवे स्टेशन के समीप चलती ट्रेन से कूदने के बाद मौत हो गई। आरोपी को गोवा पुलिस कटिहार से गिरफ्तार कर नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस के जरिए गोवा ले जा रही थी। घटना के बाद रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने नवगछिया आरपीएफ इंस्पेक्टर से पूरे मामले की जानकारी ली।
मृतक की पहचान कटिहार जिले के अमदाबाद निवासी छोटू साह के रूप में हुई है। बताया गया कि गोवा के कोलभेल थाना क्षेत्र में दर्ज चोरी के एक मामले में उसे गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद कोलभेल थाना के एसआई सननी कनरेकर तथा चार पुलिसकर्मी उसे ट्रेन से गोवा ले जा रहे थे।

बताया जाता है कि यात्रा के दौरान आरोपी ने शौच जाने की बात कही। इसी दौरान उसने चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। घटना के बाद पुलिस टीम ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन तत्काल उसका पता नहीं चल सका।
नवगछिया जीआरपी के अनुसार, सूचना मिलने पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने खोजबीन की। बाद में रेल कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि काढ़ागोला और नवगछिया रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक के किनारे एक शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद किया, जिसकी पहचान छोटू साह के रूप में हुई।
इधर, मृतक के परिजनों ने गोवा पुलिस पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, पूरे मामले की जांच कटिहार रेल पुलिस (एसआरपी) द्वारा किए जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
