17-18 जून को होगा विशेष मूल्यांकन अभियान, लाभार्थियों से सीधे संवाद कर जुटाई जाएगी रिपोर्ट
नवगछिया: बिहार सरकार के ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 17 एवं 18 जून 2026 को राज्यभर में आयोजित किए जाने वाले विशेष मूल्यांकन अभियान को लेकर नवगछिया अनुमंडल में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। विभागीय निर्देश के बाद अधिकारियों और कर्मियों द्वारा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क कर आवश्यक सूचनाएं एकत्र करने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मनरेगा, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, ग्रामीण सड़क योजना, जीविका समेत कुल 17 प्रमुख योजनाओं की जमीनी स्थिति का आकलन किया जाएगा। इसके लिए लाभार्थियों से सीधे संवाद कर योजनाओं के प्रभाव, समस्याओं और सुधार की संभावनाओं की जानकारी ली जाएगी।

इधर, नवगछिया अनुमंडल के सभी प्रखंडों—रंगरा चौक, गोपालपुर, नवगछिया, खरीक, बिहपुर, नारायणपुर और इस्माइलपुर में अभियान की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। प्रखंड स्तर पर अधिकारियों एवं कर्मियों की बैठकें आयोजित की जा रही हैं तथा योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों की सूची तैयार कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे क्षेत्र भ्रमण कर लाभार्थियों से फीडबैक प्राप्त करें और उसकी ऑनलाइन रिपोर्टिंग भी सुनिश्चित करें। इसके लिए विशेष गूगल फॉर्म के माध्यम से प्रतिदिन की रिपोर्ट अपलोड की जाएगी।
अधिकारियों का मानना है कि इस विशेष मूल्यांकन अभियान से योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही कमियों की पहचान होगी और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

