नवगछिया । परवत्ता थाना क्षेत्र के जमुनिया पंचायत सरकार भवन निर्माण स्थल पर शुक्रवार सुबह एक मुंशी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कदवा थाना क्षेत्र के आश्रम टोला निवासी ब्रजेश यादव के रूप में हुई है। वे पिछले करीब दो वर्षों से पंचायत सरकार भवन के निर्माण कार्य की देखरेख कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह जब स्थानीय लोग निर्माण स्थल के पास पहुंचे तो वहां ब्रजेश यादव का शव पड़ा देखा। इसके बाद तुरंत परवत्ता थाना पुलिस को सूचना दी गई। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि ब्रजेश यादव विक्रमशिला पुल पहुंच पथ स्थित गरैया गांव से जमुनिया जाने वाली ग्रामीण सड़क किनारे बन रहे पंचायत सरकार भवन में संवेदक के मुंशी के रूप में कार्यरत थे और निर्माण कार्य की निगरानी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि गुरुवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने उनकी हत्या कर शव को निर्माण स्थल पर छोड़ दिया।

सूचना मिलते ही परवत्ता थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा साक्ष्य जुटाए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हत्या के पीछे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। व्यक्तिगत रंजिश, लूटपाट या अन्य किसी वजह से हत्या हुई है, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन छानबीन में जुटी है।
