भागलपुर/नवगछिया: विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से के कारण बने अस्थायी बेली ब्रिज मार्ग पर बसों का परिचालन बंद होने से रोजाना सफर करने वाली महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब उनकी इस समस्या के समाधान के लिए भागलपुर परिवहन प्रमंडल ने पिंक बस सेवा शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है।
Total Downloads: 85
परिवहन प्रमंडल के यात्री प्रबंधक पवन शांडिल्य ने बताया कि नवगछिया के रंगरा चौक और नारायणपुर तक पिंक बस सेवा संचालित करने के लिए जिलाधिकारी को प्रस्ताव भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले 10 दिनों में 50 से अधिक महिलाओं ने फोन के माध्यम से और दो दर्जन से अधिक महिलाओं ने कार्यालय पहुंचकर इस सेवा को शुरू करने की मांग की है।
पवन शांडिल्य के अनुसार, पिंक बस में 22 सीटें हैं और यात्रियों के साथ इसका कुल वजन करीब चार टन तक रहता है। यह वजन बेली ब्रिज की निर्धारित भार सीमा के अनुरूप है, इसलिए इसके परिचालन की संभावना काफी मजबूत है।

उन्होंने बताया कि प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद 22 जून से पिंक बस सेवा शुरू की जा सकती है। इससे नवगछिया, रंगरा और नारायणपुर क्षेत्र की कामकाजी महिलाओं, छात्राओं और अन्य महिला यात्रियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
परिवहन विभाग का मानना है कि पिंक बस सेवा शुरू होने से महिलाओं की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित होगी तथा बेली ब्रिज के जरिए आवागमन की समस्या काफी हद तक कम हो सकेगी।
