विक्रमशिला पुल टीओपी में गुरुवार को अंतर जिला चेक पोस्ट नियंत्रण कक्ष का भागलपुर जोनल के आईजी सुशील मानसिंह खोपड़े ने उद्घाटन किया। नए डीजीपी के निर्देश के बाद अंतर जिला बॉर्डर इलाके में सीसीटीवी लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। इससे न सिर्फ अपराधियों पर नजर रखी जा सकेगी, बल्कि अवैध वसूली करने वाले पुलिसकर्मी भी इसकी जद में रहेंगे।
Total Downloads: 105
उद्घाटन के बाद आईजी सुशील मानसिंह खोपड़े ने कहा कि डीजीपी के निर्देश के बाद सीसीटीवी लगाया जा रहा है। इससे आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाने में पुलिस को मदद मिलेगी। साथ ही सीसीटीवी के फुटेज से कांडों का पर्दाफाश भी होगा। फिलहाल टीओपी के पास चार कैमरे लगाये गये हैं। आगे इसकी संख्या और बढ़ायी जायेगी।नियंत्रण कक्ष टीओपी में बनाया गया है।

भागलपुर में चेक पोस्ट की शुरुआत न सिर्फ इस जोन में बल्कि पूरे राज्य का पहला माना जा रहा है। डीजीपी के निर्देश के दो दिनों के अंदर इसे कार्यान्वित कर दिया गया है। इस मौके पर एसएसपी मनोज कुमार, लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी राजेश सिंह प्रभाकर, सिटी डीएसपी शहरयार अख्तर, नवगछिया एसडीपीओ मुकुल रंजन, जीरोमाइल थानाध्यक्ष रंजन कुमार, टीओपी प्रभारी सुनील कुमार और पुलिस लाइन के जीपी सार्जेंट अमर कुमार मौजूद थे।

