नवगछिया: रंगरा थाना क्षेत्र में आपसी विवाद को लेकर हुए चर्चित मारपीट मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कांड के मुख्य नामजद आरोपी मिथुन कुमार ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। इसकी जानकारी बुधवार को एसपी कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।
जानकारी के अनुसार, 2 जनवरी 2026 को मृदुल कुमार शर्मा के फर्दबयान पर रंगरा थाना में कांड संख्या-02/26 दर्ज किया गया था। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया था कि मिथुन कुमार ठाकुर एवं उसके 4-5 सहयोगियों ने लाठी-डंडों से लैस होकर वादी और उनके परिवार के सदस्यों पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।
मामले के दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और अनुसंधान के दौरान तीन आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। वहीं मुख्य आरोपी समेत अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था।

इसी कड़ी में 9 जून को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त मिथुन कुमार ठाकुर (पिता- दिनेश ठाकुर), निवासी रंगरा, जिला भागलपुर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है तथा मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
रंगरा थाना प्रभारी विश्वबंधु कुमार ने बताया कि मारपीट मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही मामले में शामिल अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है।
एसपी कार्यालय ने कहा है कि कानून-व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

