एसएम कॉलेज में रह रहीं छात्राओं को हॉस्टल के बाहर के कुछ असमाजिक तत्व परेशान कर रहे हैं। वे हॉस्टल की छात्राओं पर अभद्र टिप्पणी करते हैं। कॉलेज की छात्राओं से कोई रिस्पॉन्स नहीं मिलने पर ईंट पत्थर चलाते हैं। उनकी हरकतों से परेशान छात्राओं ने शुक्रवार को कॉलेज प्रशासन को लिखित शिकायत दी। इसके फौरन बाद ही कॉलेज प्रशासन ने इसकी सूचना पुलिस को दी। शुक्रवार की अहले सुबह भी कुछ मनचलों ने हॉस्टल में पत्थर फेंके। इससे हॉस्टल की खिड़कियों में लगे कांच टूट गए। छात्राओं ने बताया कि अकसर आनंदिता हॉस्टल के पीछे की ओर से मनचले चिल्लाकर अश्लील कमेंट करते हैं। इस डर से छात्राएं रूम की खिड़की तक खोलने से कतराने लगी हैं।
हॉस्टल के पीछे गंगा किनारे का कच्चा रास्ता, जहां मनचले जुआ खेलते हैं।
गंगा किनारे कच्चे रास्ते पर जुआ खेलते हैं मनचले
आनंदिता हॉस्टल के पीछे की ओर गंगा नदी है। गंगा के तट और हॉस्टल की दीवार के बीच पतली सी कच्ची सड़क नुमा जमीन है। इस रास्ते के जरिए ही मनचले हॉस्टल की छात्राओं को परेशान करते हैं। छात्राओं ने कहा कि हमेशा यहां पीछे की ओर कुछ लफंगे बैठकर जुआ खेलते हैं और भद्दे कमेंट करते हैं। इसके चलते खिड़कियां बंद रखनी शुरू कर दी। अब वे लोग हमारे कमरों में पत्थर फेंकते हैं। शुक्रवार को आदमपुर थाना की पुलिस माैके पर पहुंची। उन्होंने पीछे की सड़क का जायजा लिया। पुलिस ने प्राचार्य और कॉलेज स्टाफ हॉस्टल की छत पर गए। हॉस्टल की बाउंड्री को भी देखा। एएसआई बमबम चौधरी ने छात्राओं को आश्वासन दिया कि जल्द ही मनचले पकड़े जाएंगे।


एसएम कॉलेज के हॉस्टल की छत से मौका मुआयना करती पुलिस।
कोई भी कच्चे रास्ते से गया तो होगा गिरफ्तार
छात्राओं की सुरक्षा के लिए पुलिस कॉलेज के चारों ओर गश्ती करेगी। कच्चे रास्ते की ओर दिखने वाले मनचलों को गिरफ्तार किया जाएगा। मौके पर पहुंचे एएसआई ने छात्राओं को कहा कि अगर कोई भी मनचला दिखे तो कोशिश करो कि उसकी फोटो ले लो। एएसआई ने छात्राओं को आश्वासन के साथ ये वार्निंग भी दी कि अगर हॉस्टल के बाहर कोई मनचला पकड़ाया और छात्राएं कहेंगी वे मेरा भाई है या अन्य रिश्तेदार है तो भी उसे गिरफ्तार किया जाएगा। प्राचार्य डॉ. अर्चना ठाकुर ने कहा कि छात्राओं से आवेदन मिलते ही हमने पुलिस को जानकारी दी। हॉस्टल की सुरक्षा के लिए गार्ड को भी समझा दिया गया है।


