नवगछिया: नवगछिया थाना क्षेत्र के श्रीपुर गांव में कोसी नदी में डूबने से एक 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान श्रीपुर निवासी सुनील कुमार (19), पिता झकसु सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
Total Downloads: 286
परिजनों के अनुसार, सुनील कुमार मजदूरी करने के साथ-साथ पशुपालन कर परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करता था। गुरुवार की शाम वह दियारा क्षेत्र से पशुओं के लिए घास लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान श्रीपुर घाट के समीप कोसी नदी पार करते समय उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।
युवक के नदी में डूबने की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। काफी खोजबीन और मशक्कत के बाद उसका शव नदी से बाहर निकाला गया। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है।

सूचना मिलने पर नवगछिया थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है।
परिजनों ने बताया कि सुनील दो भाइयों में बड़ा था और परिवार की जिम्मेदारियों को निभाने में अहम भूमिका निभा रहा था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने भी घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
