जमीन विवाद की पंचायत में कट्टा लेकर पहुंचा युवक, डायल-112 ने दबोचा
नवगछिया। तेतरी गांव में रविवार को जमीन विवाद को लेकर चल रही पंचायत के दौरान उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक पक्ष का रिश्तेदार कट्टा लेकर पंचायत स्थल पर पहुंच गया। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और युवक को हथियार व गोली के साथ गिरफ्तार कर लिया।
Total Downloads: 286
पुलिस के अनुसार, तेतरी गांव में जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पंचायत चल रही थी। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया।
इसी दौरान टीम ने खगड़िया जिले के कैथी गांव निवासी कन्हैया कुमार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से एक कट्टा और एक गोली बरामद हुई। पुलिस टीम ने युवक को हिरासत में लेकर नवगछिया थाना पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवक पंचायत में हथियार लेकर क्यों पहुंचा था और उसके पास बरामद कट्टा व गोली कहां से आई। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
