तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग के शिक्षक और विज्ञान के डीन प्रो. लीला चंद्र साहा को विवि का कुलपति बनाया गया है। इस आशय की अधिसूचना राजभवन ने बुधवार को देर शाम जारी कर दी है। प्रो. साहा वीरकुंवर सिंह विवि आरा के प्रतिकुलपति और प्रभारी कुलपति रह चुके हैं। प्रो. साहा विवि के सबसे वरीय शिक्षक हैं। कुलपति प्रो. नलिनी कांत झा के निधन के बाद नियमानुसार प्रतिकुलपति डॉ. रामयतन सिन्हा कार्यकारी कुलपति के रूप में विवि का काम देख रहे थे।
Total Downloads: 115
प्रो. लीला चंद्र साहा से बातचीत में कहा कि विवि का सत्र नियमित करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने बताया कि स्नातक का सत्र लगभग नियमित हो चुका है। पीजी का सत्र एक से डेढ़ साल पीछे चल रहा है। इसे नियमित किया जाएगा। छात्रों की समस्याओं को दूर करना भी उनकी प्राथमिकता रहेगी। रिजल्ट, डिग्री सहित अन्य छात्रों से संबंधित परेशानियों को दूर किया जाएगा। ऐसा प्रयास किया जाएगा कि छात्रों को विवि का चक्कर नहीं लगाना पड़े। शिक्षकों एवं कर्मचारियों के बकाये का भुगतान कराना उनकी प्राथमिकता सूची में रहेगी। सेवानिवृत्ति लाभ दिलाना भी प्राथमिकता रहेगी।

उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से विवि की पुरानी गरिमा को वापस लाया जाएगा। इसके शिक्षकों, कर्मचारियों, छात्रों और शहरवासियों का सहयोग लिया जाएगा। शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए अतिथि व्याख्याता की नियुक्ति की जाएगी। छात्रों के पठन-पाठन की समस्या को दूर किया जाएगा। कॉलेज एवं पीजी विभागों में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का नियमित आयोजन होगा।

