भागलपुर जंक्शन पर सियालदह से चलकर वाराणसी जा रही 13133 अप अपर इंडिया एक्सप्रेस के साधारण कोच के शौचालय की सीलिंग से गुरुवार की सुबह रेल पुलिस ने विशेष चेकिंग के दौरान 64 अर्धनिर्मित पिस्टल और 64 बैरल बरामद किया। इस दौरान किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई। तस्कर हथियार को मुंगेर ले जा रहे थे, जहां फाइनल टच दिया जाता, रेल थाने में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
Total Downloads: 113
रेल थानाध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि अपर इंडिया एक्सप्रेस सुबह 8.05 बजे प्लेटफार्म संख्या एक पर खड़ी हुई थी। रेल पुलिस के जवान श्यामदेव दास, मनोज पांडे, अजय सिंह, सुरेश यादव रेलवे सुरक्षा बल के सब इंस्पेक्टर विवेक प्रकाश के नेतृत्व में अपर इंडिया के साधारण कोच की तलाशी ले रहे थे। इस बीच इंजन के दूसरे साधारण कोच के बाएं शौचालय में एक जवान घुसा।
जवान ने देखा की कोने में शौचालय का सिलिंग हल्का खुला और लटका हुआ है। इसपर जवान को संदेह हुआ और साथियों को बुलाकर सिलिंग को खोला गया। जिसमें पांच पैकेट रखा हुआ था। पैकेट को बेहतर तरीके से बंद किया गया था। रेल पुलिस ने सभी पैकेट को जब्त कर लिया। पुलिस ने जब बंद पैकेट को खोलकर देखा तो हैरान रह गई। सभी पैकेट में अर्धनिर्मित पिस्टल और बैरल था। बोगी में सवार यात्रियों से पूछताछ की लेकिन किसी ने कोई जानकारी नहीं दी । इस बीच ट्रेन 13 मिनट के बाद रवाना हुई।

बंगाल पुलिस से किया जा रहा संपर्क
रेल एसपी शंकर झा ने कहा कि बंगाल से हथियारों की तस्करी की जा रही है। प.बंगाल के अलग-अलग शहरों से तस्कर हथियार की तस्करी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बंगाल रेल पुलिस, आरपीएफ और जिला पुलिस से संपर्क किया जा रहा है। विशेष टीम को जानकारी लेने प.बंगाल भेजा जाएगा। रेल एसपी ने बताया कि रेल जिला जमालपुर से दो वर्षो के दौरान 564 से ज्यादा निर्मित और अद्र्धनिर्मित हथियार बरामद हुए हैं। सिर्फ भागलपुर रेल थाना क्षेत्र में 352 हथियार डेढ़ वर्षों में पकड़े गए।

