भागलपुर/नवगछिया। विक्रमशिला सेतु पर निर्धारित कार्यक्रम के तहत बुधवार रात 10 बजे से सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद कर दिया गया। अधिकारियों के निर्देश मिलते ही पुल पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल यातायात रोक दिया। इस दौरान जो वाहन पहले से सेतु पर मौजूद थे, उन्हें सुरक्षित दूसरी ओर जाने दिया गया। महज पांच मिनट के भीतर पूरा पुल खाली करा लिया गया, जिसके बाद एनआईटी पटना की निगरानी में बेली ब्रिज के मेंटनेंस का कार्य शुरू हुआ।

रात करीब 9:55 बजे से ही जीरोमाइल और जाह्नवी चौक पर पुलिस ने वाहनों को रोकना शुरू कर दिया था। भागलपुर से नवगछिया की ओर जाने वाले बड़ी संख्या में वाहन चालक पुल पार करने की उम्मीद में पहुंचते रहे, जिससे दोनों ओर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई लोगों ने आपात स्थिति का हवाला देकर पुलिस से पुल पार कराने का अनुरोध भी किया, लेकिन सुरक्षा कारणों से किसी को अनुमति नहीं दी गई।

यातायात बंद होने के बाद एनआईटी पटना की टीम और समानांतर पुल निर्माण में लगी एजेंसी के इंजीनियर व कर्मी बेली ब्रिज पर पहुंच गए। अधिकारियों की निगरानी में कई टीमों ने एक साथ मरम्मत कार्य शुरू किया। इस दौरान कहीं वेल्डिंग का कार्य किया गया तो कहीं नट-बोल्ट कसने और अन्य तकनीकी मरम्मत की गई। क्षतिग्रस्त हिस्से पर बिछाई गई लोहे की प्लेटों को हटाकर आवश्यक सुधार भी किया गया।

रातभर पुल बंद रहने से भागलपुर और नवगछिया के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों और वाहन चालकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भविष्य में निर्धारित मेंटनेंस अवधि के दौरान वैकल्पिक व्यवस्था और समय का ध्यान रखते हुए यात्रा की योजना बनाएं।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....