भागलपुर: विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से पर बनाए गए अस्थायी बेली ब्रिज से मालवाहक वाहन गुजरने के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में एसएसपी प्रमोद कुमार ने एक सब इंस्पेक्टर, तीन सिपाहियों और एक होमगार्ड जवान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
एसएसपी ने बताया कि जांच के दौरान यह सामने आया कि बेली ब्रिज पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की लापरवाही के कारण कुछ छोटे मालवाहक वाहन, जो विभिन्न सामानों से लदे थे, अस्थायी पुल से गुजर गए। इसे सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन माना गया है।
प्रशासन के अनुसार बेली ब्रिज की चौड़ाई और संरचना सीमित है। सुरक्षा के मद्देनजर दोनों ओर ऐसी घेराबंदी की गई है कि भारी वाहनों का प्रवेश संभव नहीं हो। इसके बावजूद मालवाहक वाहनों के पुल से गुजरने की घटना सामने आने पर जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

निजी कर्मियों पर भी होगी कार्रवाई
सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन कार्य में लगे निजी कर्मियों की भूमिका की भी जांच की गई है। पुलिस प्रशासन ने संबंधित विभाग को रिपोर्ट भेजते हुए उनके खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई की अनुशंसा की है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि पुल की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए ड्यूटी पर तैनात कर्मियों पर किसी भी प्रकार का अनावश्यक या नियम-विरुद्ध दबाव न बनाएं।
शुरू से ही भारी वाहनों पर था प्रतिबंध
बेली ब्रिज चालू होने के समय जिला प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश जारी किया था कि इस मार्ग से किसी भी प्रकार के ओवरलोड या भारी वाहनों का परिचालन नहीं होने दिया जाएगा। इसका उद्देश्य अस्थायी संरचना पर अतिरिक्त दबाव को रोकना और यातायात को सुरक्षित बनाए रखना था।
इसके लिए पुलिस बल और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती भी की गई थी। हालांकि हाल के दिनों में कुछ मालवाहक वाहनों के बेली ब्रिज से गुजरने के वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद प्रशासन ने जांच कराई, जिसमें ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही उजागर हुई।

