कांपते हाथों से छोटे भाई ने दी 13 वर्षीय बहन को मुखाग्नि, गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार

बिहपुर। गंगा नदी में डूबने से शनिवार को हुई 13 वर्षीय सरस्वती कुमारी की मौत के बाद रविवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर बिहपुर पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। शव घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बेटी का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बाद में गमगीन माहौल में सरस्वती का अंतिम संस्कार किया गया।

परिजनों ने बताया कि मृतका के पिता विकास कुमार पांच भाइयों में इकलौती बेटी के पिता थे। सरस्वती पूरे परिवार की लाडली थी। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में जहां कुछ दिन पहले तक खुशियां थीं, वहीं अब मातम पसरा हुआ है।

अंतिम संस्कार के दौरान सबसे मार्मिक दृश्य तब सामने आया, जब मृतका के छोटे भाई वित्तन कुमार ने कांपते हाथों से अपनी बहन को मुखाग्नि दी। बहन को अंतिम विदाई देते समय भाई का दर्द देखकर श्मशान घाट पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

इस हृदयविदारक दृश्य ने वहां मौजूद हर व्यक्ति को भावुक कर दिया। बेटी को खोने का गम परिजनों के चेहरों पर साफ झलक रहा था। महज 13 वर्ष की उम्र में सरस्वती के इस तरह दुनिया से चले जाने से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *