नवगछिया: इस्माईलपुर थाना क्षेत्र के कमलाकुंड गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान प्रभास यादव की पत्नी अंशु कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। मामले की जांच इस्माईलपुर पुलिस कर रही है।

मृतका की मां चिंता देवी ने बताया कि दो वर्ष पूर्व अंशु की शादी प्रभास यादव से हुई थी। शादी के समय उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार करीब चार लाख रुपये नकद, स्वर्ण आभूषण और अन्य घरेलू सामान दिया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष द्वारा अंशु को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि मारपीट के बाद उनकी बेटी को फंदे से लटकाकर हत्या कर दी गई।

परिजनों के अनुसार, अंशु का एक छोटा बच्चा भी है। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के परिजनों ने आधा दर्जन से अधिक लोगों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है।

इधर, इस्माईलपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि अब तक मृतका के परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है, इसलिए मामला दर्ज नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि मौत के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, हालांकि गले पर निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *