नवगछिया स्थित होटल वैभव से मंगलवार को राजस्थान के कोटा पुलिस ने एक शातिर अंतरराज्यीय ठग को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी कुमार सानू उर्फ दीपक सिंह (25 वर्ष) पर 8500 से अधिक लोगों, जिनमें अधिकांश महिलाएं हैं, से करीब 2 करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप है। कोटा रेंज के आईजी ने इस आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

कोटा एसपी तेजस्वनी गौतम के अनुसार, आरोपी ने ‘ओएसिस एंटरप्राइजेज’ नाम से फर्जी कंपनी बनाकर लोगों को घर बैठे किताबें तैयार करने का काम देने का झांसा दिया। इसके बदले सिक्योरिटी अमाउंट के नाम पर हर व्यक्ति से 2500 रुपये जमा करवाए गए। नवंबर 2025 में लोगों से लाखों रुपये वसूलने के बाद आरोपी रातों-रात ऑफिस बंद कर फरार हो गया था।

पुलिस के अनुसार आरोपी काफी शातिर था और फर्जी आधार कार्ड व नाम बदलकर लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था। कोटा पुलिस की विशेष टीम (SIT) ने डिजिटल सर्विलांस के जरिए उसकी लोकेशन ट्रैक की। कई दिनों तक पटना और भागलपुर में तलाश के बाद आखिरकार पुलिस ने उसे नवगछिया के होटल वैभव से गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 1.88 लाख रुपये नकद, ठगी के पैसों से खरीदी गई लाल हुंडई औरा कार और कई फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पिछले सात वर्षों से बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में सक्रिय था और करोड़ों रुपये की ठगी कर चुका है।

कोटा पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर राजस्थान रवाना हो गई है और उससे पूछताछ जारी है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *