नवगछिया। नवगछिया की पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार की अध्यक्षता में दिसंबर 2025 माह की मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी मकर संक्रांति और सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
Total Downloads: 115
इस समीक्षा गोष्ठी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नवगछिया, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), अंचल निरीक्षक नवगछिया एवं बिहपुर, सभी थाना प्रभारी तथा पुलिस कार्यालय के सभी शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान लंबित कांडों, वारंटों, कुर्की मामलों और भूमि विवाद से जुड़े मामलों के निष्पादन की अद्यतन स्थिति की गहन समीक्षा की गई। इसके साथ ही बीएनएस की धारा-126 एवं सीसीए-03 के तहत की गई कार्रवाई, शराब एवं अवैध हथियार की बरामदगी तथा उनके विनष्टीकरण की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

पुलिस अधीक्षक ने हत्या, लूट, गृहभेदन, पॉक्सो, दुष्कर्म एवं एससी/एसटी से जुड़े गंभीर मामलों की भी समीक्षा करते हुए त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मकर संक्रांति को लेकर विशेष तैयारी
मकर संक्रांति के अवसर पर सभी गंगा घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग, तथा खतरनाक स्थलों पर चेतावनी संकेत (खतरे के चिन्ह) लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
सरस्वती पूजा के लिए सख्त दिशा-निर्देश
सरस्वती पूजा को लेकर पुलिस अधीक्षक ने मूर्ति स्थापना हेतु लाइसेंस को अनिवार्य बताया। साथ ही, मूर्ति विसर्जन के लिए निर्धारित रूट लाइन का सत्यापन, विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, थाना स्तर पर फ्लैग मार्च और शांति समिति की बैठकें आयोजित करने का निर्देश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने सभी पदाधिकारियों को त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने और कानून-व्यवस्था को हर हाल में बनाए रखने के स्पष्ट निर्देश दिए।
