नवगछिया: आगामी मानसून को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने क्षतिग्रस्त तटबंधों की मरम्मत एवं कटाव रोकने की तैयारी शुरू कर दी है। बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल नवगछिया द्वारा गंगा नदी के किनारे संवेदनशील क्षेत्रों में कटाव निरोधक कार्य कराने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
विभाग ने गंगा नदी के बाएं किनारे स्थित झल्लूदास-ज्ञानीदास टोला में कटाव निरोधक कार्य के लिए 28.89 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है। इसके अलावा ग्वारीडीह पुरातात्विक स्थल की सुरक्षा हेतु 3.12 करोड़ रुपये की लागत से कटाव निरोधक कार्य कराया जाएगा।
इसी क्रम में गंगा के बाएं तट पर शंकरपुर गांव के समीप तथा महादेवपुर घाट के पास भी 1.86 करोड़ रुपये की योजना के लिए टेंडर निकाला गया है।

13 मार्च को खुलेगा तकनीकी टेंडर
बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता गौतम कुमार ने बताया कि तीनों योजनाओं का तकनीकी टेंडर 13 मार्च को खोला जाएगा। टेंडर की प्रक्रिया मार्च माह के अंत तक पूरी होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि नए वित्तीय वर्ष 2026-27 में कार्य एजेंसी का चयन किया जाएगा तथा मानसून से पूर्व 15 मई तक सभी कार्य पूरा कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
