15 किलोमीटर अतिरिक्त सफर को मजबूर ग्रामीण, बरसात में डायवर्शन पर कीचड़ से बढ़ी परेशानी

भागलपुर/नवगछिया: मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु योजना के तहत डुमरिया पथ से तिनटंगा विषहरी स्थान तक निर्माणाधीन आरसीसी पुल का कार्य धीमी गति से होने पर स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है। शनिवार को जिला परिषद अध्यक्ष बिपिन कुमार मंडल ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य की सुस्त रफ्तार पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से फोन पर बात कर निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान बिपिन कुमार मंडल ने कहा कि वर्तमान में बरसात और संभावित बाढ़ का मौसम है। ऐसे समय में सड़क काटकर लंबे समय तक निर्माण कार्य धीमी गति से चलाना आम लोगों के लिए गंभीर समस्या बन सकता है। उन्होंने कहा कि मुख्य सड़क बंद रहने और वैकल्पिक मार्ग की बदहाल स्थिति के कारण लोगों को करीब 15 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि वैकल्पिक मार्ग पर हल्की बारिश के बाद ही भारी कीचड़ जमा हो जाता है, जिससे पैदल चलना और मोटरसाइकिल से आवागमन करना मुश्किल हो जाता है। ग्रामीण ललन चौधरी, मुकेश कुमार, गिरधारी मंडल और राजकुमार रजक ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है और अब तक 20 प्रतिशत से भी कम कार्य पूरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार निर्माणाधीन आरसीसी पुल की लंबाई 57.96 मीटर है। इस परियोजना की स्वीकृत लागत 5 करोड़ 10 लाख 40 हजार 100 रुपये है। कार्य की शुरुआत 13 जून 2025 को हुई थी और इसे 12 जून 2027 तक पूरा किया जाना है। परियोजना के संवेदक तरुण कुमार नीरज, भागलपुर हैं, जबकि कार्यकारी एजेंसी ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल भागलपुर है।

ग्रामीणों ने बताया कि पुल निर्माण के संवेदक तरुण कुमार नीरज, गोपालपुर विधानसभा के पूर्व विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल के पुत्र हैं। उनका कहना है कि इससे पहले डुमरिया सड़क निर्माण कार्य भी काफी विलंब से पूरा हुआ था और अब पुल निर्माण की धीमी रफ्तार भी लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों ने समय पर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग करते हुए कहा कि बाढ़ के मौसम में देरी का सबसे अधिक नुकसान आम जनता को उठाना पड़ेगा।

इस संबंध में ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता रवींद्र कुमार ने बताया कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि लोगों के आवागमन के लिए बनाए गए डायवर्शन पर बरसात के कारण कीचड़ की समस्या उत्पन्न हुई है। इसे दूर करने के लिए आधी ईंट (ब्रिक बैट) बिछाकर उस पर रोलर चलाया जाएगा, ताकि एक-दो दिनों के भीतर मार्ग को सुगम बनाया जा सके।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *