भागलपुर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह कुशवाहा की शुक्रवार को सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। वे दिल्ली से कार के जरिए पटना लौट रहे थे, इसी दौरान उत्तर प्रदेश के कन्नौज में उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, एक्सप्रेसवे पर चलते समय ड्राइवर को झपकी आ गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और फिर रगड़ते हुए एक पोल से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने शाम को प्रवीण सिंह कुशवाहा को मृत घोषित कर दिया। हादसे में उनकी साली कुमारी सपना, भतीजा विभु आर्यन और चालक विनोद मंडल घायल हो गए। गंभीर हालत को देखते हुए दो घायलों को लखनऊ रेफर किया गया है।

घटना कन्नौज के तालग्राम थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ड्राइवर को झपकी आने के कारण वाहन संतुलन खो बैठा और हादसा हो गया।

प्रवीण सिंह कुशवाहा हाल ही में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बने थे और पार्टी के सक्रिय नेताओं में उनकी गिनती होती थी। वे स्थानीय मुद्दों—किसान, बेरोजगारी और सामाजिक न्याय—को लेकर लगातार मुखर रहते थे।

हादसे से करीब छह घंटे पहले ही उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर बिहार के युवक पांडव कुमार की हत्या मामले में न्याय की मांग उठाई थी, जिससे उनकी सक्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

इस दुखद घटना पर राहुल गांधी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि प्रवीण सिंह कुशवाहा का संगठन के प्रति समर्पण और जनसेवा की भावना हमेशा याद रखी जाएगी।

बिहार कांग्रेस ने इसे पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....