दो रेलवे रूट पर चलने के लिए नई तेजस एक्सप्रेस नए लुक में दिल्ली पहुंच गई है। तेजस का नया लुक पहले से ज्यादा आकर्षक लग रहा है। इसके अलावा यात्रियों को नई तेजस एक्सप्रेस ट्रेन में पुरानी तेजस ट्रेन के मुकाबले हवाई जहाज जैसी कई नई सुविधाएं भी मिलेंगी। रेलवे जल्द ही नई तेजस एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन शुरू करेगा।
Total Downloads: 198
नई तेजस एक्सप्रेस ट्रेन को भगवा, पीले और भूरे रंग से बेहद खूबसूरती से सजाया गया है। इससे पहले तेजस एक्सप्रेस नीले रंग की थी। तेजस एक्सप्रेस को नया लुक कपूरथला कोच फैक्ट्री में दिया गया है।

मालूम हो कि मोदी सरकार ने तीन रूट पर अत्याधुनिक तेजस एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की घोषणा की थी। मई 2017 में सरकार मुंबई और गोवा के बीच एक तेजस एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन शुरू कर चुकी है। ये ट्रेन नीले रंग की है।
फायर सेंसर और सीसीटीवी से लैस है ट्रेन

नई तेजस एक्सप्रेस ट्रेन फायर सेंसर और सीसीटीवी कैमरों से लैस है। इसके प्रत्येक कोच में आग से बचाव के लिए फायर सेंसर लगे हैं, जो डिब्बे में आग लगते ही अलार्म अलर्ट करेंगे। इसके अलावा इसके प्रत्येक कोच में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों की मदद से पूरे कोच में नजर रखी जा सकेगी।
इसकी प्रत्येक सीट पर हवाई जहाज की तरह एलईडी स्क्रीन भी दी गई है। इस पर ऑन डिमांड एंटरटेनमेंट की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा हवाई जहाज की तर्ज पर इसमें अटेंडेंट को बुलाने के लिए सीट पर ही बटन दिया गया है। पूरी ट्रेन वाईफाई से लैस है। इसमें मॉड्यूलर बॉयो टॉयलट और पहले से ज्यादा आरामदायक सीटों का इस्तेमाल किया गया है। इसमें विनायल रैपिंग की भी सुविधा उपलब्ध है।
बटन से खुलेंगे पर्दे
नई तेजस एक्सप्रेस की खिड़कियों पर ऑटोमेटिक तरीके से चलने वाले पर्दे लगाए गए हैं। इनकी खासियत यह है कि ये खिड़की में लगे दो शीशों के बीच फिट किए गए हैं। एक बटन के जरिए इन पर्दों को ऊपर या नीचे किया जा सकता है। नई तेजस एक्सप्रेस में स्वचालित इंटर कनेक्टिंग दरवाजे भी हैं। इससे चलती ट्रेन में भी एक कोच से दूसरे कोच में जाना काफी सुविधाजनक और सुरक्षित होगा।

