कटिहार : दलाल के माध्यम से रोजगार के लिए मलेशिया गया एक युवक लापता है। युवक कोढ़ा थाना क्षेत्र की बिशनपुर पंचायत के ¨बजी बरगांव बांध टोला निवासी मंसूर आलम का पुत्र अकमल है। कुछ दिनों पूर्व उसने दूरभाष पर परिजन को वीजा अवधि समाप्त होने की जानकारी दी थी।
Total Downloads: 354
पिछले 20 दिनों से अकमल से संपर्क नहीं होने के कारण परिजन अनहोनी की आशंका में हैं। परिजन ने विदेश मंत्री से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। उधर, पुलिस ने इस संबंध में किसी तरह की जानकारी होने से इन्कार किया है। अकमल अपने चचेरे चाचा के साथ रोजगार की तलाश में मुंबई गया था। अधिक पैसा कमाने के प्रलोभन में वह एक दलाल के चंगुल के फंस गया। परिजन ने बताया कि जमा पूंजी से अकमल ने पासपोर्ट बनवाया।

वह दुबई जाना चाहता था, लेकिन दलाल ने उसे मलेशिया भेज दिया। मार्च में वह भुवनेश्वर से मलेशिया के लिए रवाना हुआ था। दलाल ने उसे वीजा की अवधि दो वर्ष करा देने का झांसा दिया था। लापता युवक के पिता ने बताया कि 20 दिनों से बेटे से कोई संपर्क नहीं हो पाया है। पत्नी और बच्चे का रो-रोकर बुरा हाल है। विदेश मंत्रालय के दूरभाष नंबर पर भी परिजन ने संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।

पुलिस को इस मामले में कोई जानकारी नहीं है। दो देशों के बीच का मामला होने के कारण जिला स्तर से इसमें कोई कार्रवाई नहीं हो सकती है। यदि परिजन आवेदन देते हैं तो उसे कार्रवाई के लिए अग्रसारित कर दिया जाएगा।

