पहली बार पाकिस्तानी भी कर रहे भारतीय टीम की जीत की दुआ, वजह- अगर इंग्लैंड से भारत हारा तो पाक का वर्ल्ड कप से बाहर होना तय
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने ट्वीट कर पूछा- पाकिस्तानी फैन्स किसका समर्थन करेंगे?
फैन्स बोले- भारत हमारा पड़ोसी, उसमें क्रिकेट का जुनून भी है

नई दिल्ली : वर्ल्ड कप क्रिकेट में भारत और मेजबान इंग्लैंड के बीच 30 जून को मैच खेला जाना है। इस मैच से पहले हालात कुछ ऐसे बन गए हैं कि भारत और पाकिस्तान के फैन्स एक हो गए हैं। ऐसा अब तक नहीं हुआ कि भारत और पाकिस्तान के फैन्स एक-दूसरे का सपोर्ट करें, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ मैच में पाकिस्तानी फैन्स भारतीय टीम को सपोर्ट करते नजर आ सकते हैं। वे दुआ कर रहे हैं कि 30 जून का मैच भारत ही जीते। दिलचस्प यह है कि इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने ट्वीट कर पूछा कि पाकिस्तानी फैन्स भारत और इंग्लैंड के मैच में किसे सपोर्ट करेंगे? ज्यादातर फैन्स ने जवाब दिया- ‘हम भारत को ही सपोर्ट करेंगे क्योंकि वह हमारा पड़ोसी मुल्क है, अाैर भारतीयों में क्रिकेट के लिए जुनून है। हालांकि ऐसा नहीं है कि सभी पाकिस्तानी फैन्स ने भारत की जीत इच्छा ही जताई।

कुछ के जवाब अलग भी थे। जैसे कि नाजिया अफरीदी ने लिखा- ‘मैं इंग्लैंड की जीत चाहती हूं। सेमीफाइनल में दोबारा पाकिस्तान को हरवाकर हमारी अवाम को हार्ट अटैक नहीं दिलवाना है!’ नासिर हुसैन भारतीय मूल के हैं और लंबे समय तक इंग्लैंड के कप्तान रह चुके हैं। उनके इस ट्वीट पर इंग्लैंड के ही पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने उन्हीं से पूछ लिया- ‘नासिर अाप किसका समर्थन करेंगे।’ नासिर ने जवाब दिया- ‘बिल्कुल इंग्लैंड का ही, ठीक उसी तरह जैसे अाप दक्षिण अफ्रीका की रग्बी टीम के लिए करते हैं।’ केविन दक्षिण अफ्रीका मूल के हैं और इंग्लैंड से खेलते रहे हैं। कुछ लोग इस बात से खुश हैं कि भारत-पाकिस्तान के लोगों के बीच इस तरह की दोस्ताना बातें हो रही हैं।

दरअसल, पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अफगानिस्तान और बांग्लादेश के खिलाफ अपने दोनों मैच जीतने ही होंगे। साथ ही दुआ करनी होगी कि भारत और न्यूजीलैंड के साथ होने वाले दोनों मैच इंग्लैंड हार जाए। ऑस्ट्रेलिया सेमीफाइनल में पहुंच चुका है, जबकि न्यूजीलैंड और भारत का पहुंचना भी लगभग तय है। चौथे स्थान के लिए पाकिस्तान, इंग्लैंड, श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच कड़ी टक्कर हो सकती है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *