पटना/अहमदाबाद: गुजरात के साबरकांठा जिले में 14 माह की बच्ची से बलात्कार की घटना के बाद गैर-गुजरातियों पर कथित तौर पर हमला करने के मामलों में गुजरात के विभिन्न भागों से पुलिस ने अब तक 342 लोगों को गिरफ्तार किया है. इस घटना के बाद राज्य के कई हिस्सों में गैर-गुजरातियों, खासतौर पर बिहार और उत्तर प्रदेश के रहने वाले लोगों को निशाना बनाया जा रहा है.
Total Downloads: 72
इसके बारे में गुजरात के पुलिस महानिदेशक शिवानंद झा ने पत्रकारों को बताया कि मुख्य रूप से गुजरात कें 6 जिले (हिंसा से) प्रभावित हुए हैं. मेहसाणा और साबरकांठा सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं. इन जिलों में 42 मामले दर्ज किये गये हैं. अब तक 342 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. जांच के दौरान आरोपियों के नाम सामने आने के बाद और लोगों को गिरफ्तार किया जायेगा.
उन्होंने बताया कि, प्रभावित क्षेत्रों में राज्य रिजर्व पुलिस की 17 कंपनियों को तैनात किया गया है, इसके अलावा गैर-गुजराती के निवास क्षेत्रों और उन कारखानों में जहां वे काम करते हैं, वहां सुरक्षा बढ़ा दी गई है, पुलिस ने इन इलाकों की सुरक्षा भी बढ़ा दी है.

स्थानीय नेताओं के साथ संवाद करने के निर्देश
डीजीपी ने बताया कि सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाने के लिए दो मामले दर्ज किये गये है. उन्होंने कहा कि सबसे अधिक प्रभावित जिले गांधीनगर में पुलिस अधिकारियों को शिविरों का आयोजन करने और स्थानीय नेताओं के साथ संवाद करने के निर्देश दिये गए हैं. उन्होंने कहा कि जिलों में अतिरिक्त सुरक्षा बल और वाहन उपलब्ध कराये गये हैं.
त्योहारों पर अपने घर जा रहे हैं लोग
हमलों के बाद गैर-गुजरातियों के पलायन के बारे में पूछे गये एक सवाल के जवाब में झा ने कहा कि आने वाले त्योहारों के मद्देनजर वे अपने मूल राज्यों के लिए रवाना हो रहे हैं.

