नई दिल्ली। विधानसभा चुनावों के खत्म होते ही आम लोगों और कारोबारियों पर महंगाई की मार पड़नी शुरू हो गई है। 1 मई 2026 से सरकारी तेल कंपनियों ने कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी कर दी है, जिससे देशभर में इसके दाम 3000 रुपये के पार पहुंच गए हैं।

नई दिल्ली समेत कई महानगरों में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में करीब 1000 रुपये तक का इजाफा हुआ है। इंडियन ऑयल के अनुसार, दिल्ली में अब 19 किलो वाला कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 3,071.50 रुपये में मिल रहा है, जो पहले के मुकाबले 993 रुपये महंगा हो गया है।

हालांकि राहत की बात यह है कि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में यह अभी भी 913 रुपये पर स्थिर है।

दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश के शहरों में कीमतों में बढ़ोतरी अपेक्षाकृत कम, करीब 300 रुपये के आसपास हुई है। इस तरह देशभर में कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में अलग-अलग स्तर पर इजाफा देखा जा रहा है।

इस बढ़ोतरी का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग व्यवसाय पर पड़ेगा। खासकर शादी के सीजन में इसका प्रभाव ज्यादा देखने को मिलेगा, जहां खाना-पीना महंगा होना तय माना जा रहा है।

व्यापारियों का कहना है कि गैस की कीमतों में इतनी बड़ी बढ़ोतरी से लागत बढ़ेगी, जिसका बोझ अंततः ग्राहकों पर ही पड़ेगा। आने वाले दिनों में रेस्टोरेंट के मेन्यू और शादी-ब्याह के खर्च में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....