खरीक थाना क्षेत्र के पूर्वी घरारी में बुधवार को अवैध संबंध के चलते हुए विवाद में पति ने अपनी पत्नी को छोटे गैस चूल्हे में झोंककर जला डाला। इससे वह झुलकर अधमरी हो गई। महिला को ठिकाने लगाने की ससुराल वालों ने तैयारी शुरू कर दी, लेकिन समय रहते महिला के मायके से पिता व अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजन बेटी बेगम खातून उर्फ बेबी को खरीक पीएचसी ले गए।

जहां से चिकित्सकों ने उसे मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। महिला 73 प्रतिशत जल चुकी है। उसकी स्थिति गंभीर है। महिला का मायका नवगछिया थाना क्षेत्र का महदत्तपुर गांव है। महिला का आरोप है कि इस घटना को पति मो. सनोवर ने अपनी मां, भाभी समेत अन्य परिजनों के साथ मिलकर अंजाम दिया। महिला को इलाज के लिए ले जाने के दौरान ससुराल के सभी लोग फरार हो गये। पुलिस ने मायके वालों के सहयोग से आरोपी पति मो. सनोवर को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घायल महिला के पिता सह पूर्णिया स्थित विद्युत कार्यालय के नाइट गार्ड शेख फारूक के बयान पर खरीक थाने में पति मो. सनोवर, भैसुर मो. मनोवर व उसकी पत्नी माजो खातून, सास बानो खातून और ननद बीबी गुड़िया खातून के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है।

थानाध्यक्ष हरिशंकर प्रसाद कश्यप ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। इसमें अवैध संबंध के कारण घटना घटित होने का जिक्र किया गया। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की तलाश जारी है। उधर, गिरफ्तार महिला के पति मो. सनोवर का कहना है कि मेरी पत्नी ने मुझे सब्जी लाने के लिए भेजा था। इसी दौरान उसने खुद ही आग लगा ली।

13 साल पहले हुई थी शादी, पति तलाक का बना रहा था दबाव

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार महदत्तपुर निवासी घायल महिला बेगम खातून की खरीक के पूर्वी घरारी निवासी मो. अब्बास के पुत्र मो. सनोवर से 13 साल पहले निकाह हुई थी। दोनों में कुछ वर्ष बाद ही विवाद शुरू हो गया। पति मो. सनोवर ने अवैध संबंध का आरोप लगाकर पत्नी व उनके मायके वालों पर तलाक का दबाव बनाता रहा। वहीं महिला के पिता का कहना है कि उन्होंने बेटी से पूछा तो बताया कि उक्त सभी आरोपियों ने उसका माथा छोटा गैस चूल्हे में झोंक दिया। जिससे वह जल गई। ससुराल वाले बेटी पर हमेशा चरित्रहीनता का आरोप लगाते हैं। जबकि उसके पति का एक महिला से अवैध संबंध हैं। इसलिए रास्ते से हटाने के लिए इस घटना को अंजाम दिया गया। मो. सनोवर पर आरोप लगाया कि वह पत्नी व अपने बच्चे का परवरिश नहीं करता है।

मायके से 10 दिन पहले ही अपने ससुराल आई थी बेगम खातून

घायल महिला का आरोप है कि पति ने कई वर्षों से पत्नी व बच्चे का परवरिश करना तक बंद कर दिया था और पत्नी पर चरित्रताहीनता का आरोप लगाते हुए उसे लगातार प्रताड़ित करने लगा। जिससे आजिज होकर वह तीन साल से अपने बच्चे के संग मायके में रह रही थी। दस दिन पूर्व ही दोनों के बीच समझौता हुआ। इसमें महिला के पति अपनी गलती की पुनरावृत्ति नहीं करने की बात कही और पत्नी व बच्चों को अपने घर लेकर आया।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *