बिहपुर :बिहपुर-वीरपुर एनएच-106 के तीस किमी मीसिंग लिंक निर्माण में बिहपुर अंचल के 181 किसानों की जमीन का अधिग्रहण होगा। इन किसानों की 18 एकड़ रैयती जमीन के साथ बिहार सरकार की 2.5598 एकड़ जमीन को अधिग्रहित करने का प्रस्ताव अंचल कार्यालय बिहपुर से जिला मुख्यालय को भेजा गया है।
तीस किमी फुलौत से बिहपुर तक मीसिंग लिंक निर्माण में टू लेन सड़क और कोसी नदी पर सात किमी लंबा फोरलेन पुल बनेगा। बिहपुर प्रखंड में हरियो के कोसी त्रिमुहान घाट पर एनएच-106 के लिए पुल का निर्माण होना है।

निर्माण कार्य जून 2022 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए केन्द्र सरकार द्वारा 1600 करोड़ रुपये की स्वीकृति दे दी गई है। कुल 136 किमी लंबे एनएच-106 का निर्माण कार्य पूरा होने से बिहपुर समेत नवगछिया पुलिस जिले के विकास को नया आयाम मिलेगा।

तीस किमी मीसिंग लिंक फुलौत से बिहपुर तक सड़क बनने के बाद बिहपुर से मधेपुरा की दूरी 72 किमी से घट कर 12 किमी हो जाएगी। तीन-चार घंटे का सफर महज 20-25 मिनट में पूरा हो जाएगा।


