नवगछिया । कोसी पार कदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बगड़ी टोला में भीषण आग लगने से चार परिवारों के बासा जलकर पूरी तरह राख हो गए। इस अगलगी की घटना में मवेशियों का चारा, अनाज और घरेलू सामान समेत भारी नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है।
Total Downloads: 173
पीड़ित सुरेंद्र मंडल ने बताया कि आग में उनकी दो बकरियां, दो छोटे बच्चे, पटवन का पाइप, मवेशियों का चारा तथा ड्रम में रखा मक्का और गेहूं पूरी तरह जल गया। वहीं राजकिशोर मंडल ने बताया कि उनके बासा में लगी आग से चार बकरियां और दो बच्चे जलकर मर गए। साथ ही चौकी, बिछावन, मवेशी का चारा और अनाज भी राख हो गया।
इसके अलावा संजय मंडल और सुशील मंडल के बासा में रखा मवेशियों का चारा भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गया।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक सबकुछ जल चुका था। प्रशासन को घटना की सूचना दे दी गई है और पीड़ित परिवारों ने मुआवजे की मांग की है।
