बिहपुर | झंडापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर महंत स्थान चौक के समीप गुरुवार को तेज रफ्तार हाईवा ने पीछे से एक कार में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में कार सवार तीन युवक बाल-बाल बच गए, जबकि वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाईवा झारखंड से डस्ट लोड कर पसराहा की ओर जा रहा था, वहीं कार भागलपुर से बेगूसराय की दिशा में जा रही थी। तेज गति के कारण हाईवा चालक नियंत्रण नहीं रख सका और कार में पीछे से टक्कर मार दी।
घटना की सूचना मिलते ही झंडापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर सड़क पर लगे जाम को हटवाया। पुलिस की तत्परता से कुछ ही देर में यातायात सामान्य कर दिया गया।

फिलहाल हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

