गोपालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सैदपुर पंचायत के वीरनगर गांव में आपसी विवाद को लेकर एक महिला के घर में आग लगा देने का मामला सामने आया है। पीड़िता पूजा देवी, पति सोनू राय ने पड़ोसी गौतम कुमार, पिता शिवराम राय पर मंगलवार देर रात पेट्रोल छिड़ककर घर में आग लगाने का आरोप लगाया है।
पीड़िता ने इस संबंध में गोपालपुर थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। आवेदन में बताया गया है कि मंगलवार दोपहर दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद देर रात उनके घर में आग लगा दी गई।
आग लगने से घर में रखा घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। हालांकि, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

इस मामले में गोपालपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

