नवगछिया : उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन का नवगछिया प्रखंड अंतर्गत कदवा दियारा पंचायत के मिलन चौक पर एनडीए कार्यकर्ताओं ने भव्य अभिनंदन और स्वागत किया। इस मौके पर लोगों ने ढोलबज्जा को प्रखंड बनाने की मांग मंत्री से की।
Total Downloads: 160
लोगों ने कहा कि कोसी नदी पार ढोलबज्जा-कदवा का इलाका बिहार के तीन जिले भागलपुर, पूर्णिया एवं मधेपुरा की सीमा पर अवस्थित है। ढोलबज्जा-कदवा का इलाका अत्यन्त पिछड़ा हुआ क्षेत्र है। इन क्षेत्रों का अधिकांश हिस्सा भागलपुर जिला के नवगछिया प्रखंड तथा कुछ हिस्सा पूर्णिया जिले के रुपौली प्रखंड व कुछ मधेपुरा जिले के चौसा प्रखंड के अंतर्गत पड़ता है। जिसके कारण यहां के निवासियों को कोई भी कार्य करवाने में अधिक भाग-दौड़ करनी पड़ती है। तीन जिलों के अधीन आ जाने के कारण कई तरह की सुविधाओं और योजनाओं से यहां के लोग वंचित हो जाते हैं।
मंत्री शाहनवाज ने कहा कि कोसी पार कदवा दियारा, खैरपुर कदवा और ढोलबज्जा के लोगों ने मुझे जो सम्मान दिया है उसे मैं जीवन भर याद रखूंगा। यहां के लोगों को रोजगार उपलब्ध हो और किसानों को उनकी फसल की उचित कीमत मिले इसके लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। इसका परिणाम जल्द ही आप सबों को देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि नवगछिया, भागलपुर के विकास के लिए जो भी संभव हो सकेगा मैं करूंगा। मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष विनोद मंडल, जिला महामंत्री अरविन्द चौधरी, मुरारी चिरनिया, उपाध्यक्ष अजय सिंह कुशवाहा, जिला मंत्री मुकेश राणा, आलोक बंटू, मुखिया पंकज जायसवाल, प्रशांत कन्हैया, रुपेश रुप सहित बड़ी संख्या में लोग थे।

