नवगछिया । नवगछिया थाना क्षेत्र के एनएच 31 पर टोल प्लाजा के पास शनिवार दोपहर कार व बाइक की टक्कर में मां-बेटे की मौत हो गयी। हादसे में जान गंवाने वाले बाइक सवार गीता देवी (60) और उनके पुत्र निवास साह (35) पूर्णिया जिले के बरहरा कोठी थाना क्षेत्र के महिखंड साहजी टोला के रहने वाले थे। नवगछिया पुलिस ने मृतक के पास से मिले मोबाइल से परिजनों को सूचना दी। घटना के बाद अफरातफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गयी। घटना की सूचना पर मृतक के परिजन अस्प्ताल पहुंचे।
परिजनों ने बताया की दोनों मां-बेटे बाइक से नारायणपुर के भ्रमरपुर अपने रिश्तेदार प्रेम साह के यहां से पूर्णिया अपने घर लौट रहे थे। एनएच 31 पर टोल प्लाजा के समीप सामने से तेज रफ्तार कार व बाइक में आमने-सामने टक्कर हो गई। जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद दोनों सड़क पर मरणासन्न हालत में पड़े थे। मौके पर बड़ी संख्या लोग पहुंच गए। घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस दोनों को एम्बुलेंस से अनुमंडल अस्पताल लेकर जा रही थे कि रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया। परिजनों को फोन से सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी पाकर परिजन रोते बिलखते अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचे और शव से लिपटकर दहाड़ मारकर रोने-चिल्लाने लगे।
बच्ची के छठियार से लौट रहे थे मां-बेटे
परिजनों ने बताया कि मृतक निवास साह के छोटे भाई पिंकू साह को पुत्री होने पर शुक्रवार को बच्ची के छठियार में नारायणपुर के भ्रमरपुर निवासी प्रेम साह के यहां गए थे। दोनों शुक्रवार रात वहीं रुके और शनिवार को बाइक से पूर्णिया घर लौट रहे थे। तभी टोल प्लाजा समीप हादसे के शिकार हो गए। घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़ मौके से फरार हो गया। नवगछिया थानाध्यक्ष रविशंकर सिंह ने बताया की कार को जब्त कर लिया गया है। मृतक की क्षतिग्रस्त बाइक को थाना लाया गया। मृतक के पास से मिले मोबाइल से शव की शिनाख्त हुई। शव को पोस्टमार्टम कराकर परीजन को सौंप दिया गया। मृतक के भाई पिंकू साह के लिखित आवेदन पर कार चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है।

पंजाब में रहकर करोबार करता था निवास
मृतक के भाई पिंकू साह ने बताया कि निवास साह पंजाब में स्थायी रूप से रहकर छोटा-मोटा व्यवसाय करते थे। दो माह पूर्व ही पंजाब से कुछ दिन के लिए पूर्णिया आए थे। घटना के बाद मृतक के घर कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी सोनी देवी समेत दो पुत्र अमरजीत व करण राज, तीन पुत्री हलचल कुमारी, कुमकुम कुमारी और छाया कुमारी सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक निवास साह पांच भाई दो बहन में तीसरा थे। निवास का बड़ा भाई अवधेश साह, सुभाष साह, प्रभाष साह और पिंकू साह हैं। परिजन मृतक के शव से लिपटकर दहाड़ मारकर रो रहे थे। पूरा अनुमंडल अस्पताल परिजन के चीत्कार से गमगीन हो गया था।

