नवगछिया : अनुमंडल कार्यालय में नगर पंचायत क्षेत्र के थोक विक्रेताओं के साथ बुधवार को एसडीओ मुकेश कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में एसडीपीओ प्रवेंद्र भारती, नगर पंचायत कार्यपालक पदाधिकारी संजीव कुमार, नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रेम सागर उर्फ डब्लू यादव शामिल हुए। एसडीओ ने थोक विक्रेताओं से कहा कि खाद्य सामग्री की कालाबाजारी की शिकायत मिल रही है। इसके आलावा ग्राहकों से अधिक कीमत लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में ग्राहकों से अधिक कीमत नहीं ली जाएगी।
Total Downloads: 106
ऐसा करने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। एसडीओ ने दुकानदारों से दुकान पर मूल्य एवं स्टाक उपलब्धता की सूची लगाने को कहा। कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि लोग सब्जी खरीदने के लिए बाहर आ जाते हैं। इससे भीड़ लगती है। इस पर एसडीओ ने सब्जी विक्रेताओं को बैरिकेडिंग लगाकर दूरी बनाने को कहा।

वहीं शाम में सब्जी की मार्केट में भीड़ बढ़ने पर कार्यपालक पदाधिकारी ने किराना और सब्जी की दुकानें सुबह सात बजे से दस बजे तक खोलने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया दूध वितरण सुबह छह से आठ बजे व शाम पांच से आठ बजे के बीच होगा। शाम में शहर के मुख्य सड़क को छोड़कर गली-मोहल्ले में ठेले के माध्यम से चार से छह बजे के बीच सब्जी की बिक्री कर सकते हैं।

