प्रखंड के मड़वा पूरब पंचायत के औलियाबाद वार्ड नंबर छह में करीब 2500 लोगों का एकमात्र जल निकासी का साधन जलाशय सह नाला को अतिक्रमणकारियों ने अतिक्रमित कर लिया है। जिस कारण बारिश के मौसम में लोगों का जीवन नारकीय बन जाता है। यह नाला दो पंचायत औलियाबाद व झंडापुर को जोड़ता है। इस नाले की लंबाई 900 मीटर एवं चौड़ाई 190 मीटर है। यह नाला एनएच 31 के नीचे से निकलता है। इस जलाशय सह नाले को किशोरी शर्मा पिता भूमि शर्मा ने जबरन मिट्टी भरवा कर अवरुद्ध कर दिया है।
Total Downloads: 102
नाला के बगल में पीसीसी सड़क है जो बारिश के मौसम में डूब जाता है और सारी गंदगी सड़क पर आ जाती है। उस गंदे पानी में चलने से लोगों को स्किन की बीमारी हो जाती है। इस जलाशय सह नाले को अतिक्रमणमुक्त कराने को लेकर पंचायत समिति सदस्य पिंटू शर्मा कई वर्षों से प्रयासरत है। उन्होंने नाला अतिक्रमण को लेकर सक्षम पदाधिकारियों से शिकायत किया है। वहीं जलाशय बचाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष सुनील सिंह ने बताया कि जलाशय सह नाला को अवरुद्ध कर देने से महामारी कि स्थिति उत्पन्न हो जाती है।


यह नाला अगर अतिक्रमणमुक्त नहीं कराया गया तो हमलोग चरणबद्ध आंदोलन करने को बध्य होंगे। इधर बिहपुर सीओ बलिराम प्रसाद ने बताया कि नाले की मापी कराकर चिह्नित की गयी है। जल्द ही जलाशय सह नाले को अतिक्रमणमुक्त कराया जाएगा। पर्यावरण विभाग के लोग जलाशय के सौंदर्यीकरण की बात करते है। लेकिन यह तो अतिक्रमण से मुक्त नहीं हो पा रहा है। सरकारी जलाशय सह नाला का अतिक्रमणमुक्त होना पर्यावरण व समाज के लिए लाभदायक है।
