नवगछिया । त्योहारों के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने बड़ी घोषणा की है। दिवाली और छठ महापर्व को ध्यान में रखते हुए कामख्या से रोहतक के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। खास बात यह है कि इस ट्रेन का ठहराव नवगछिया स्टेशन पर भी रहेगा, जिससे स्थानीय यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यह स्पेशल ट्रेन कामख्या से हर शुक्रवार की रात 10 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन रंगीया, बरपेटा, कोखराझार, बोंगईगांव, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, किशनगंज और कटिहार होते हुए शनिवार की सुबह करीब 10:30 बजे नवगछिया पहुंचेगी। यहाँ पर ट्रेन दो मिनट का ठहराव करेगी। इसके बाद ट्रेन बरौनी, सोनपुर, हाजीपुर, छपरा, बलिया, जौनपुर, प्रयागराज, कानपुर और दिल्ली होते हुए रविवार दोपहर 2:45 बजे रोहतक पहुंचेगी।

वापसी यात्रा में यह स्पेशल ट्रेन रोहतक से रविवार की रात 10:10 बजे रवाना होगी और निर्धारित मार्ग से होकर सोमवार की देर रात लगभग 11:30 बजे नवगछिया स्टेशन पहुंचेगी। इसके बाद यह ट्रेन आगे कटिहार, किशनगंज, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार होते हुए कामख्या लौटेगी।

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यह स्पेशल ट्रेन 26 सितंबर से 9 नवंबर तक चलेगी। दिवाली और छठ पूजा जैसे बड़े त्योहारों पर यात्रियों की अत्यधिक भीड़ को देखते हुए इस विशेष ट्रेन का परिचालन बेहद उपयोगी साबित होगा।

नवगछिया और आसपास के यात्रियों के लिए यह ट्रेन किसी सौगात से कम नहीं है। अब उन्हें त्योहारों पर लंबी दूरी की यात्रा के लिए दिल्ली, प्रयागराज या रोहतक जाने में सुविधा मिलेगी। स्थानीय लोगों ने रेलवे की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि त्योहारी मौसम में यह ट्रेन हजारों यात्रियों को राहत देगी और भीड़भाड़ से निजात दिलाएगी।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे समय से टिकट बुक कर यात्रा की योजना बनाएं, ताकि त्योहारों पर सफर के दौरान उन्हें किसी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *