नवगछिया। एशियन बॉल बैडमिंटन महासंघ के तत्वावधान में 27 दिसंबर से पटना में आयोजित होने वाली साउथ एशियन बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप (पुरुष एवं महिला वर्ग) के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई है। घोषित टीम में बिहार के तीन खिलाड़ियों को स्थान मिला है, जो राज्य के लिए गर्व की बात है।
महिला वर्ग में चयनित दो खिलाड़ियों में नवगछिया की प्रतिभाशाली खिलाड़ी प्रज्ञा भारती का नाम भी शामिल है। उनके चयन से नवगछिया सहित पूरे जिले में खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।
जिला बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव ज्ञानदेव कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि खिलाड़ियों का चयन 8 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित चयन प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। उन्होंने प्रज्ञा भारती को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह चयन जिले में बॉल बैडमिंटन के बढ़ते स्तर और खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है। प्रज्ञा भारती के चयन से न केवल नवगछिया बल्कि पूरे बिहार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने की उम्मीद है।

वही नवगछिया क्रिकेट लीग बोर्ड की बैठक रविवार को फूड प्लाजा, नवगछिया में आयोजित की गई। जिसमें निर्णय लिया गया कि सभी प्रखंडों के खिलाड़ियों का चयन दो चरण में किया जाएगा। बोर्ड के संयोजक घनश्याम प्रसाद ने बताया कि प्रथम चरण में नवगछिया क्रिकेट लीग के लिए चयन शिविर का आयोजन तेतरी मैदान, नवगछिया में 23 दिसंबर को 10 बजे से आयोजित की जाएगी। बैठक में सरोज कुमार झा, संतोष कुमार, अशोक सिंह मुकेश सिंह आदि उपस्थित थे।

