खरीक बाजार निवासी किराना दुकानदार अनंत कुमार उर्फ मंटू चौधरी से पत्र के माध्यम से दो लाख रुपए की रंगदारी मांगने वाले शख्स को पुलिस ने चार दिन बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जिस लाल कलम और काॅपी के पन्ने से रंगदारी के लिए पत्र लिखा गया था उसे भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी दुकानदार का पड़ोसी चंदन कुमार दास है। पुलिस की पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने पुलिस को बताया कि विधवा बहन की शादी करने के लिए दुकानदार से रंगदारी मांगी थी। उसने यह भी बताया कि इससे पूर्व अपने ही समाज के एक व्यक्ति से भी 50 हजार की रंगदारी मांगी थी। किन्तु, उसने केस नहीं किया और रंगदारी भी नहीं दी। थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को शनिवार को कोर्ट में प्रस्तुत किया जाएगा।
बता दें कि सोमवार की रात पीड़ित दुकानदार की दुकान के ताले में पत्र रखकर दो लाख की रंगदारी मांगी गई थी। नहीं देने पर दुकानदार के बेटे की हत्या करने की धमकी दी गई थी। घटना के बाद पुलिस लगातार मामले का अनुसंधान कर रही थी।

पुलिस ने भाई को उठाया तो हुआ मामले का खुलासा
घटना के बाद से ही पुलिस उद्भेदन को लेकर काफी सजग थी। दरअसल, मामला थाने से महज ढाई सौ मीटर की दूरी का था। जिसके कारण पुलिस लगातार आसपास दबिश दे रही थी। इसी दौरान पुलिस की नजर एक युवक पर पड़ी। संदेह के आधार पर उस युवक को पुलिस थाने ले जाकर पूछताछ की तो उसने बताया कि मेरे भाई ने ही रंगदारी मांगी थी।


