खरीक थाना क्षेत्र के मिरजाफरी में चुनावी रंजिश को लेकर माले नेता व भाजपा समर्थक में बुधवार को मारपीट हो गयी। इस दौरान पथराव भी हुआ। इसमें एक पक्ष के भाजपा समर्थक धर्मेन्द्र कुमार एवं राजेश कुमार तो दूसरे पक्ष से माले नेता सुशील कुमार भारती, उनकी बेटी चांदनी कुमारी व बेटा चंद्रमलेश्वर कुमार गंभीर रूप से घायल हो गये।
सभी घायलों को इलाज के लिए खरीक पीएचसी लाया गया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद धर्मेन्द्र एवं चंद्रमलेश्वर की स्थिति को गंभीर स्थिति में मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति गंभीर है।

वहीं, घटना को लेकर दोनों पक्षों द्वारा एक-दूसरे के खिलाफ थाने में आवेदन दिया गया है, जिसमें एक-दूसरे पर पथराव करने एवं लाठी-डंडे से पीटकर घायल करने समेत कई गंभीर आरोप लगाए गये हैं। थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों द्वारा आवेदन दिया गया है।


