नवगछिया । खरीक प्रखंड के खरीक बाजार पंचायत के 14 नंबर सड़क स्थित खरीक महाविद्यालय में शनिवार को जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन हुआ। अध्यक्षता पंचायत की मुखिया इंदु देवी एवं संचालन बीडीओ राजीव रंजन कुमार ने की। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन, डीडीसी कुमार अनुराग, एसडीओ उत्तम कुमार, एसडीपीओ ओमप्रकाश अरूण, बीडीओ राजीव रंजन कुमार, सीओ निशांत कुमार, प्रखंड प्रमुख शंकर प्रसाद यादव उर्फ दल्लु यादव, जिला पार्षद पीयूष कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में विकसित गांव निर्माण के लिए मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से सुझाव लिए गए। कार्यक्रम में प्रखंड के सभी पंचायतों के जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

डीएम ने कहा कि पिछले दो दशक में शहर से लेकर गांव की गलियों तक काफी सकारात्मक बदलाव हुए हैं। फिर भी बहुत कुछ होना बाकी है। उन्होंने कहा कि जन-जन के सहयोग से ही बेहतर समाज का निर्माण संभव है। परिवार और समाज के विकास के लिए महिलाओं की भागीदारी जरूरी है। क्योंकि जब महिला का विकास होगा तभी परिवार और समाज का विकास हो सकता है। इसलिए हम तमाम लोगों से अपील करते हैं कि हर गलत चीजों का विरोध और सही कार्य में सहयोग करें। सरकार गांव के विकास के लिए अग्रसर है और जनहित में तमाम जन कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। साथ सभी योजनाओं का सभी योग्य लाभार्थियों को लाभ मिले, इसलिए इस तरह का कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्तर पर लोगों में सकारात्मक बदलाव और जागरूकता भी आई है। जिसका प्रमाण यह है कि इस कार्यक्रम में पुरुषों से अधिक महिलाओं की भीड़ दिख रही है। यह न सिर्फ सकारात्मक बदलाव है, बल्कि सामाजिक कुरीतियों को मात देने का सार्थक प्रयास भी है। प्रखंड प्रमुख, मुखिया एवं अन्य लोगों ने खरीक बाजार का सौंदर्यीकरण, अतिक्रमणमुक्त, जलजमाव का स्थाई समाधान, उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय खरीक बाजार को खरीक महाविद्यालय में शिफ्ट कराने समेत अन्य कई मांगें रखीं। जिसपर डीएम ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए शीघ्र ही आवश्यक पहल की बात कही।

इस मौके पर जिला पंचायती राज पदाधिकारी, कृषि परियोजना उप निदेशक, जिला कल्याण पदाधिकारी, पीएचसी प्रभारी डॉ सुजीत कुमार, राजस्व अधिकारी दीपा कुमारी, सीडीपीओ मीणा कुमारी, लोहिया स्वच्छ भारत मिशन के प्रखंड समन्वयक अजय कुमार, थानाध्यक्ष विनोद कुमार आदि मौजूद थे।

लोगों को जागरूक होना बेहद जरूरी: डीडीसी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीडीसी ने कहा कि बेहतर और विकसित समाज निर्माण के लिए सरकार तमाम योजनाएं चला रही है, ताकि गांव का भी शहर की तरह विकास हो सके। लोग रोजगार से जुड़ सकें। सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए सामुदायिक स्तर पर लोगों को जागरूक करना बेहद जरूरी है। इस कार्यक्रम का यही मुख्य उद्देश्य है। डीडीसी ने कहा कि स्वच्छ समाज निर्माण के लिए भी सरकार तत्पर है। यह आपलोगों के सहयोग के बिना संभव नहीं है। इसलिए, कचरा निस्तारण के लिए मैं सभी लोगों से प्रतिदिन एक-एक रुपये पंचायत में जमा करने की अपील करता हूं।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *