नवगछिया : सेना में भर्ती के नियमों में बदलाव और अग्निवीर योजना के विरोध में आक्रोशित सैकड़ों युवाओं ने खरीक चौक पहुंचकर एनएच-31 को बाधित कर दिया। आक्रोशित युवाओं ने बीच सड़क पर टायर जलाकर हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान तोड़-फोड़ भी की गई। घटनास्थल पर मौजूद एसडीओ यतेंद्र कुमार पाल और एसडीपीओ दिलीप कुमार लगातार छात्रों को समझाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन छात्र मानने को तैयार नहीं थे। पुलिस के रोकने पर छात्रों ने पुलिस पर रोड़ेबाजी शुरू कर दी।
Total Downloads: 176
चारो ओर से घिरा पुलिस प्रशासन :
रोड़ेबाजी के बीच एसडीओ, एसडीपीओ और पुलिसकर्मी चारों ओर से घिर गए। एकाएक खरीक स्टेशन, एनएच-31 पर पूरब और पश्चिम की ओर खरीक थाना जनेवाली सड़क से बड़ी संख्या में छात्रों की भीड़ ने पुलिस प्रशासन पर रोड़ेबाजी शुरू कर दी। जब पदाधिकारी समझाने गए तो छात्र उनसे उलझ गए। इस दौरान जवानों से हाथापाई के बाद जवानों ने लाठियां भी चटकाई और खदेड़ने का प्रयास किया। छात्रों के द्वारा पत्थरबाजी करने से घायल होने के बाद जवानों ने भाग कर यात्री शेड में जान बचाई। एसडीपीओ ने छात्रों को खदेड़ा। उनके पीछे उनके अंगरक्षक और जवान भी दौड़े। एसडीपीओ और उनके अंगरक्षकों ने छात्रों को खदेड़ते हुए हवाई फायरिंग भी शुरू की। इस दौरान 10 से 15 राउंड गोली चली। छात्रों को खदेड़कर केला बगान तक पहुंचाया गया और सड़क को मुक्त करवाया गया।
रोड़ेबाजी के दौरान वाहन चालक और यात्री भी फंसे :
एनएच-31 पर रोड़ेबाजी के दौरान वहां से गुजर रहे कई वाहन चालक भी रोड़ेबाजी की चपेट में आ गए और भागकर जान बचाई। वहीं कई यात्री भी रोड़ेबाजी में फंसे। खरीक रेलवे स्टेशन से चौक आने के दौरान ही छात्र साथ मे पत्थर लेकर आये थे।

रोड़ेबाजी में घायल हुए एसडीपीओ और सुरक्षाकर्मी :
छात्रों द्वारा की गई रोड़ेबाजी में एसडीपीओ दिलीप कुमार सहित कई जवान घायल हो गए है। एसडीपीओ को हाथ में ईंट लगी। एसडीओ भी घायल हुए। घटना की सूचना पर एसपी सुशांत कुमार सरोज पुलिसवलों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। रोड़ा लगने से घायल एसडीपीओ एवं उसके अंग रक्षकों का घटनास्थल पर ही स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा मरहम पट्टी की गई।
