नवगछिया : गोपालपुर प्रखंड में बाढ़ का पानी सड़कों पर से उतरने के बाद अब तबाही का मंजर दिखने लगा है। इलाके की कई सड़कें जगह-जगह टूट गई हैं। पंचगछिया, नवटोलिया और सैदपुर के पास सड़क बाढ़ के पानी से काफी जर्जर हो चुकी हैं। उन जगहों पर शनिवार को पथ निर्माण विभाग की ओर से मरम्मत का काम शुरू कराया गया है।
Total Downloads: 165
सड़क जर्जर होने के कारण अभी भारी वाहनों के आवागमन पर रोक है। सिर्फ टोटो और टेंपो किसी तरह सड़क पर आ-जा रहे हैं। विभाग का दावा है कि जल्द ही सभी सड़क को चलने लायक बना दिया जाएगा। सड़क से पानी निकालने के बाद जमे हुए पानी से दुर्गंध आने लगी है। इससे राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है।
आसपास के लोगों को भी काफी परेशानी हो रही है। दुर्गंध के कारण लोगों को बीमारी फैलने की चिंता सता रही है। अब तक स्वास्थ्य विभाग की ओर से ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव इन जगहों पर नहीं करवाया गया है। इससे ग्रामीणों में रोष है। लोगों का कहना है कि पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इससे हम रात में सो नहीं पा रहे हैं।

अगर जल्द ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव नहीं कराया गया तो बीमारी फैल सकती है। पहले ही हम बाढ़ से त्रस्त हो चुके हैं। घर में रखा सारा सामान और खेतों में लगी फसल बर्बाद हो चुकी है। हमारी पीड़ा समझने वाला कोई नहीं है।
