नवगछिया : नवगछिया थाना क्षेत्र के धोबिनिया गांव में गुरुवार को देर शाम जमीन विवाद में भतीजों ने अपनी ही चाची के मुंह मे गोली मार कर जान ले ली है. मृतिका धर्मवीर यादव की पत्नी गुड़िया देवी(42) है. घटना की सूचना मिलते ही घटना स्थल पर पहुंचे नवगछिया थाने के थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है. घटना स्थल से पुलिस ने एक खोखा भी बरामद किया है.

घटना का कारण जमीन विवाद बताया जा रहा है. ग्रामीणों और परिजनों से सूचना मिली है कि धर्मवीर यादव गुड़िया देवी के दूसरे पति हैं. गुड़िया के पहले पति जाले यादव की मौत बीमारी के कारण हो गयी थी. इसके बाद पिछले साल दशहरे के दिन गुड़िया देवी ने अपने चचेरे देवर धर्मवीर यादव उर्फ गुड्डू यादव के साथ शादी कर ली थी. परिजनों ने बताया कि जाले यादव के हिस्से ही साढेतीन बीघा जमीन पर गुड़िया देवी के भैसूर जवाहर यादव और उसके लड़कों ने कब्जा कर लिया था.

लेकिन इस बार जाले यादव की जमीन पर गुड़िया के दूसरे पति धर्मवीर यादव ने बोआई कर दी थी. यही बात गुड़िया देवी के भैसूर और उसके पुत्रों को पच नहीं रही थी. अक्सर विवाद का माहौल रहता है. धर्मवीर यादव ने बताया कि गुरुवार को देर शाम जवाहर यादव के पुत्रों ने गुड़िया को अपने घर पर बुला कर झगड़ा करने लगा और इसी क्रम में आक्रोशित होकर जवाहर यादव के पुत्रों ने गुड़िया देवी के मुंह मे गोली मार दी. धर्मवीर यादव का आरोप है कि जवाहर यादव के तीन पुत्रों विकास यादव, मिथुन यादव, मृत्युंजय यादव, ग्रामीण राजीव यादव, साजो यादव, अजय यादव, बन्नो यादव और जवाहर यादव का नाती कमलकुण्ड निवासी सचिन यादव ने मिलकर गुड़िया देवी की हत्या कर दी है.

जानकारी मिली है कि गुड़िया देवी के छः संतानों में सबसे बड़ी लड़की कोमल कुमारी की शादी हो चुकी है जबकि तीन पुत्र और दो पुत्री 12 वर्ष से भी कम उम्र के हैं. घटना के बाद बच्चों का रो रो कर बुरा हाल है. इधर सभी आरोपी अपने घर से फरार हो गए हैं. घटना की बाबत थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि मामला जमीन विवाद का है. पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिये छापेमारी शुरू कर चुकी है.

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *