प्रखंड के बैकठपुर-दुधैला दियारा में अठगामा गांव के पास जलकर पर कब्जे को लेकर मंगलवार की रात बदमाशों के दो गुटों के बीच जमकर गोलीबारी हुई। बताया जाता है कि इस दौरान दोनों ओर से 15-20 राउंड गोलियां चलाई गईं। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका थर्रा उठा। हालांकि इस घटना में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। अठगामा के ग्रामीणों की मानें तो इलाके के शातिर कारे मंडल गिरोह के सदस्य धार में मंगलवार की रात मछली मार रहे थे। इसके बाद राजेश ठाकुर गिरोह के सदस्य हथियार के साथ वहां पहुंचे और फिर दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई।

Whatsapp group Join

सूत्रों की मानें तो राजेश ठाकुर गिरोह के सदस्य पहले से ही इसकी तैयारी कर रखी थी। इसके लिए राजेश ठाकुर गिरोह के सदस्यों ने नाथनगर के दियारा इलाके से कई बदमाशों को इकट्‌ठा किया और फिर धार के समीप पहुंचे। विरोध गुट के लोगों को पहले मछली मारने से रोका और जब वे नहीं माने तो गोलीबारी शुरू कर दी। अपने बचाव में कारे मंडल गिरोह के सदस्यों ने भी गोलियां चलाई। लगभग आधे घंटे तक दोनों से गोलीबारी होती रही।

ग्रामीणों ने बताया कि गोली चलने की आवाज से इलाके में दहशत फैल गया। लोग किसी अनहोनी की आशंका से अपने घरों में दुबके रहे। घटनास्थल बिहपुर थाना क्षेत्र में पड़ता है। हालांकि बिहपुर पुलिस गोलीबारी की घटना से इनकार कर रही है। थानाध्यक्ष रंजीत कुमार का कहना है कि ऐसी कोई सूचना मेरे पास नहीं है। अब तक किसी ने लिखित या मौखिक रूप से शिकायत भी नहीं की है। फिर भी पुलिस अपने स्तर से घटना का पता लगा रही है। अगर गोलीबारी हुई होगी तो मामले की जांच कर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सरकारी धार में मछली मारने को लेकर हर साल राजेश ठाकुर व कारे मंडल गुट के बीच होती है गोलीबारी

अठगामा के ग्रामीणों का कहना है कि बैकठपुर-दुधैला दियारा इलाके के जलकर पर कब्जे को लेकर राजेश ठाकुर और कारे मंडल गिरोह के बीच हर साल गोलीबारी की घटना होती है। चूंकि दोनों गिरोह का इलाके में दबदबा है और वे अपना वर्चस्व कायम करने के लिए घटना को अंजाम देते हैं। पिछले साल भी दोनों गुटों के बीच दियारा में गोलीबारी हुई थी। हालांकि तब भी उस घटना में कोई घायल या हताहत नहीं हुआ था। ग्रामीणों में दोनों गिरोह का खौफ इस कदर है कि कोई खुलकर उनका विरोध नहीं करता है। वहीं लोगों के बीच मकंदपुर के एक किसान के कहने पर जमीन जोतने की भी चर्चा है। गोलीबारी की घटना के बाद लोगों में दहशत है।

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *